Since: 23-09-2009
रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा की बैठक सोमवार को मानसून के दौरान शहर में जलभराव, सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, सड़क मरम्मत और नागरिक सुविधाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए आयोजित की गई। विडंबना यह रही कि बैठक के दौरान निगम मुख्यालय की छत से ही कई स्थानों पर पानी टपकता नजर आया। इसे लेकर विपक्ष ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। नगर निगम ने वर्ष 2026-27 के बजट में नालों की सफाई और अन्य विकास कार्यों के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो पिछले वर्ष के बजट से अधिक है।
बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी अखबारों की कतरनों से बनी लाइफ जैकेट पहनकर पहुंचे और शहर में जलभराव की समस्या को लेकर निगम प्रशासन तथा ट्रिपल इंजन सरकार पर निशाना साधा। वहीं भाजपा पार्षद स्वप्निल मिश्रा ने अधिकारियों के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि जोन स्तर पर अपेक्षित कार्य नहीं हो रहे हैं। इस दौरान सभापति ने उन्हें आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग से बचने की सलाह देते हुए कहा कि मुद्दा महत्वपूर्ण है, लेकिन भाषा संयमित होनी चाहिए।
इधर, भुगतान नहीं मिलने से नाराज ठेकेदारों ने नगर निगम मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग उठाई। एक ओर सामान्य सभा में शहर की व्यवस्थाओं पर चर्चा होती रही, वहीं दूसरी ओर निगम मुख्यालय के भीतर टपकती छत और बाहर ठेकेदारों का प्रदर्शन नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े करता रहा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |