Since: 23-09-2009
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि उन्होंने पहले से पंजीकरण नहीं कराया है तो फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित कर दें। प्रशासन के अनुसार 9 जुलाई तक के सभी रजिस्ट्रेशन स्लॉट पूरी तरह भर चुके हैं। ऐसे में बिना रजिस्ट्रेशन के बालटाल या पहलगाम मार्ग से आगे बढ़ने वाले श्रद्धालुओं को चेक पोस्ट पर रोक दिया जाएगा और नया कोटा उपलब्ध होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति मिलेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रविवार से केवल वैध पंजीकरण वाले यात्रियों को ही कश्मीर की ओर जाने दिया जाएगा। जम्मू संभाग के आयुक्त रमेश कुमार ने बताया कि यात्रा के पहले तीन दिनों में 13 हजार से अधिक पंजीकृत श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम बेस कैंप से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हो चुके हैं। यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मौसम संबंधी चुनौतियों को देखते हुए प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या निर्धारित की गई है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने लगभग 12 हजार टोकन भी जारी किए हैं, ताकि बिना तत्काल रजिस्ट्रेशन वाले यात्री अपनी निर्धारित तिथि पर वापस आकर यात्रा कर सकें। प्रशासन का कहना है कि पहले से पंजीकृत श्रद्धालुओं को प्राथमिकता दी जा रही है और यदि दैनिक कोटा बचता है, तभी मौके पर तत्काल पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |