Since: 23-09-2009
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक पत्थर खदान में हुए भीषण हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, दक्षिण तालुक क्षेत्र स्थित कावेरी क्रशर कंपनी की खदान में खनन कार्य के दौरान करीब 40 फीट ऊंचाई से चट्टान का विशाल हिस्सा अचानक मजदूरों पर आ गिरा। हादसे के समय खदान में लगभग 18 मजदूर काम कर रहे थे। मृतक सभी बिहार के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को बचने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर एक्सकेवेटर चला रहे परशुराम ने बताया कि जैसे ही उन्होंने मशीन चालू की, पहाड़ी का एक हिस्सा कुछ ही सेकंड में भरभराकर गिर पड़ा। उन्होंने बताया कि उस समय कई मजदूर नीचे काम कर रहे थे और देखते ही देखते मलबे में दब गए। राहत दल ने चार घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने का काम जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खनन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने या चट्टानों की अस्थिरता के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |