Since: 23-09-2009
देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रुद्रप्रयाग, चमोली और आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर पहाड़ियों से पत्थर गिरने के कारण यातायात बाधित हो गया है और कई वाहन रास्ते में फंस गए। सुरक्षा कारणों से केदारनाथ यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, जबकि प्रशासन सड़कें खोलने और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटा है।
महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का दौर जारी है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में मुंबई में 172 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी देते हुए लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी है। वहीं साकीनाका क्षेत्र में एक व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। मध्य प्रदेश के इंदौर में बारिश के दौरान एक कार नाले में गिर गई, जबकि सीहोर में तेज बहाव में बाइक बह जाने की घटना भी सामने आई।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 और 4 जुलाई को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, गोवा, तमिलनाडु, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी वर्षा का अनुमान है। राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। इसी बीच मानसून ने सात दिन की देरी से राजस्थान और पांच दिन की देरी से दिल्ली में भी दस्तक दे दी है, जिससे आने वाले दिनों में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |