Since: 23-09-2009
भोपाल के कटारा हिल्स स्थित सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी गई लाइसेंसी पिस्टल, जेवर, चांदी के सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित अधिकांश सामान बरामद कर लिया है। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस जांच के अनुसार, चोरी की वारदात में कुल छह बदमाश शामिल थे। इनमें चार आरोपी घर के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर निगरानी करते रहे। वारदात के बाद सभी आरोपी दो अलग-अलग समूहों में फरार हो गए। रात में गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने तीन संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे भाग निकले। इस दौरान एक संदिग्ध अपना बैग छोड़कर फरार हो गया। बैग की तलाशी में पुलिस को चोरी की गई लाइसेंसी पिस्टल, चांदी के आभूषण और गिरिबाला सिंह से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए, जिससे मामले की जांच को अहम सुराग मिले हैं।
यह मामला पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के परिवार से जुड़े चर्चित ट्विशा शर्मा मृत्यु प्रकरण के बीच सामने आया है। नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की मई 2026 में भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसकी जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। चोरी की घटना के बाद पुलिस दोनों मामलों को अलग-अलग मानते हुए जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |