रायपुर में संपत्तिकर जमा करने का आज आखिरी मौका, एक दिन में निगम ने वसूले 1.55 करोड़ रुपये
रायपुर नगर निगम द्वारा संपत्तिकर पर दी जा रही 6.25 प्रतिशत तक की छूट का लाभ लेने के लिए करदाताओं में अंतिम दिनों में उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार को नगर निगम ने 1070 संपत्तियों से कुल 1 करोड़ 55 लाख 63 हजार 119 रुपये का संपत्तिकर वसूला। निगम के अनुसार, 30 जून तक पूरा कर जमा करने वाले नागरिकों को अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, जिसके चलते भुगतान में तेजी आई है।
नगर निगम कार्यालयों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी बड़ी संख्या में करदाता संपत्तिकर जमा कर रहे हैं। जोन-4 में सबसे अधिक 20.85 लाख रुपये, जोन-9 में 20.55 लाख रुपये और जोन-8 में 18.96 लाख रुपये की वसूली दर्ज की गई। निगम को उम्मीद है कि अंतिम दिन वसूली का आंकड़ा और अधिक बढ़ेगा, जिससे विकास कार्यों के लिए राजस्व में भी वृद्धि होगी।
वहीं, बकाया कर वसूली के लिए निगम ने सख्ती भी शुरू कर दी है। जोन-6 की टीम ने वार्ड-61 में संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले चार आवासीय-सह-व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक संपत्तिधारक ने मौके पर ही 33,175 रुपये का आंशिक भुगतान किया। निगम ने स्पष्ट किया है कि बकायादारों के खिलाफ आगे भी सीलबंदी और कुर्की जैसी कार्रवाई जारी रहेगी।