Since: 23-09-2009
मध्य प्रदेश के देवास जिले के ग्राम करोंद माफी की रहने वाली नितिका आकरे ने अपने संघर्ष और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एथलेटिक्स में नई पहचान बनाई है। 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने महिला पोल वॉल्ट स्पर्धा में 4.10 मीटर की शानदार छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ नितिका ने एशियाई खेल-2026 के लिए भी क्वालीफाई कर प्रदेश और जिले का गौरव बढ़ाया है। पारिवारिक कठिनाइयों के बीच बचपन से मामा के संरक्षण में पली-बढ़ी नितिका ने अपने संकल्प और लगातार अभ्यास से यह मुकाम हासिल किया।
नितिका की खेल यात्रा नर्मदा किनारे खेलते-कूदते शुरू हुई थी। खातेगांव के एक निजी विद्यालय में उनकी प्रतिभा को पहचान मिली, जिसके बाद उन्हें बेहतर प्रशिक्षण के लिए भोपाल भेजा गया। कठिन अभ्यास और समर्पण के बल पर उन्होंने पोल वॉल्ट में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। खास बात यह है कि एशियाई खेल-2026 के लिए क्वालीफाई करने वाली तीन महिला पोल वॉल्टरों में नितिका शामिल हैं और वह मध्य प्रदेश की इकलौती महिला पोल वॉल्टर हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देवास जिले के एक अन्य खिलाड़ी देव मीणा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। दोनों खिलाड़ियों की सफलता ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री और क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। नितिका की सफलता आज प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |