Since: 23-09-2009
21 जून को होने वाली NEET-UG परीक्षा को लेकर मध्यप्रदेश में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे और जैमर लगाए जा रहे हैं ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हर केंद्र के बाहर बड़ी डिजिटल घड़ी लगाई जाएगी और किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की तैनाती भी रहेगी।
भोपाल में इस बार 13,774 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे, जिसके लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और रेलवे संयुक्त रूप से तैयारियों में जुटे हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए हैं कि समान नाम वाले परीक्षा केंद्रों को लेकर छात्रों में भ्रम की स्थिति न बने, इसलिए केंद्र का नाम और स्थान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए दिशा सूचक बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस को परीक्षा केंद्रों के आसपास अवैध पार्किंग हटाने और ट्रैफिक प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं। पुराने शहर में मेट्रो निर्माण कार्य के कारण बैरिकेडिंग से केंद्रों के संकेतक छिपने की आशंका को देखते हुए विशेष मार्गदर्शन बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि वे समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |