5 घंटे जंतर-मंतर पर गरजी कॉकरोच जनता पार्टी, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने NEET पेपर लीक और विभिन्न भर्ती-परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ करीब 5 घंटे तक प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से लौटने के बाद सीधे प्रदर्शन स्थल पहुंचे। बड़ी संख्या में छात्र, युवा, अभिभावक और समर्थक इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अगले 5 दिनों के भीतर इस्तीफा दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो अगले शनिवार को फिर से जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग की।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। प्रदर्शन के दौरान किसी संभावित विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने 6 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया। दूसरी ओर पुणे में अभिजीत दीपके के घर के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि उनके माता-पिता ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।