Since: 23-09-2009
भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अभनपुर के जमीन कारोबारी जय प्रकाश गांधी को गिरफ्तार किया है। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत 3 जून को गिरफ्तारी की। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी ने अधिकारियों और परिजनों के साथ मिलकर साजिश रचते हुए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया का दुरुपयोग किया और करोड़ों रुपए का अवैध मुआवजा हासिल किया।
ईडी की जांच में सामने आया है कि जय प्रकाश गांधी ने हाईवे अलाइनमेंट में आने वाली जमीन को खरीदकर उसे 500 वर्गमीटर से कम के छोटे-छोटे हिस्सों में विभाजित किया, जिससे एनएचएआई से अधिक दर पर मुआवजा प्राप्त किया जा सके। जांच के अनुसार जिस जमीन का वास्तविक मुआवजा लगभग 56 लाख 76 हजार रुपए होना चाहिए था, उसके बदले आरोपी और उसके परिवार ने करीब 9 करोड़ 83 लाख रुपए प्राप्त कर लिए। इस तरह लगभग 9 करोड़ 27 लाख रुपए की अवैध आय अर्जित की गई।
जांच एजेंसी का दावा है कि घोटाले से हासिल धन को शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय साधनों में निवेश कर मनी लॉन्ड्रिंग की गई। इससे पहले ईडी ने रायपुर, अभनपुर और धमतरी में कई ठिकानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए थे। मामले में विशेष पीएमएलए अदालत ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर भेजा है। वहीं जांच एजेंसी अब अन्य लाभार्थियों, बिचौलियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। भारतमाला परियोजना से जुड़े इस कथित घोटाले में अब तक 43 करोड़ रुपए से अधिक की अनियमितताओं के आरोप सामने आ चुके हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |