Since: 23-09-2009
भोपाल में बुधवार को मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक के दौरान एक अलग तस्वीर देखने को मिली। मंत्री गौतम टेटवाल और नारायण सिंह पवार ई-रिक्शा से बैठक में शामिल होने पहुंचे। दोनों मंत्री चार इमली क्षेत्र से एक ही ई-रिक्शा में करीब ढाई किलोमीटर का सफर तय कर मंत्रालय पहुंचे। उनके पीछे दूसरे ई-रिक्शा में स्टाफ के लोग भी पहुंचे, हालांकि पास नहीं होने के कारण कुछ कर्मचारियों को सुरक्षा कर्मियों ने अंदर जाने से रोक दिया।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में वैश्विक परिस्थितियों और ईंधन संकट को देखते हुए पेट्रोल-डीजल के संयमित उपयोग की अपील की थी। इसके बावजूद मध्यप्रदेश में निगम-मंडल और बोर्डों में नियुक्त नेताओं द्वारा बड़ी-बड़ी वाहन रैलियां निकाले जाने पर बीजेपी की काफी आलोचना हुई थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और विपक्ष के हमलों के बाद पार्टी नेतृत्व ने सख्त रुख अपनाया।
इसी विवाद के बाद अब बीजेपी नेताओं और मंत्रियों में सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ता दिखाई दे रहा है। इससे पहले मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर और किसान मोर्चा नेता सज्जन सिंह यादव की वाहन रैलियों पर कार्रवाई भी हो चुकी है। वहीं कई अन्य नेताओं ने भी ई-रिक्शा या इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल कर संदेश देने की कोशिश की है कि पार्टी अब फिजूल ईंधन खर्च और शक्ति प्रदर्शन वाली राजनीति से दूरी बनाना चाहती है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |