Since: 23-09-2009
Raipur जिले के धरसींवा क्षेत्र के सारागांव में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग ग्रामीण हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक समझाइश का प्रयास करती रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और बुजुर्ग को नीचे उतरने के लिए मनाते रहे।
जानकारी के मुताबिक 68 वर्षीय ईयाराम साहू उर्फ कालिया प्रशासन की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई से नाराज था। कुछ दिन पहले राजस्व विभाग और ग्राम पंचायत की टीम ने बुलडोजर चलाकर उसका मकान तोड़ दिया था। परिवार का आरोप है कि वे वर्षों से उसी घर में रह रहे थे और कार्रवाई के बाद अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार परिवार खेती और मजदूरी कर गुजर-बसर करता है और घर टूटने के बाद से मानसिक तनाव में है।
वहीं प्रशासन ने कार्रवाई को नियमानुसार बताया है। सारागांव के नायब तहसीलदार अशोक जंघेल के अनुसार संबंधित जमीन पर करीब 7 डिसमिल में अतिक्रमण किया गया था। शिकायत मिलने के बाद नोटिस जारी किए गए थे और अपील खारिज होने के बाद बेदखली की कार्रवाई की गई। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में लोगों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए रोक दी गई।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |