Since: 23-09-2009
इंदौर के नवलखा इलाके में सोमवार सुबह एक निजी बस पार्किंग में भीषण आग लग गई। तीन इमली क्षेत्र स्थित पार्किंग में खड़ी 5 बसें आग की चपेट में आ गईं। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, एक बस में वेल्डिंग और मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और पास में खड़ी अन्य बसों तक फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे के दौरान 4 जोरदार धमाके होने की बात कही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि धमाके गैस सिलेंडर फटने जैसे थे, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना के समय पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं, जिन्हें जल्दबाजी में हटाया गया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास रिहायशी बस्ती होने से लोग घरों से बाहर निकल आए। वार्ड पार्षद मनीष शर्मा ने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाके में बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। विरोध जताते हुए वे मौके पर धरने पर बैठ गए। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |