Since: 23-09-2009
मुंगेली जिले के लोरमी में सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रदेश प्रभारी संदीप पाठक के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। संदीप पाठक के भाजपा में शामिल होने से नाराज कार्यकर्ता उनके बटहा स्थित घर पहुंचे, जहां नारेबाजी की गई और घर की दीवार पर ‘गद्दार’ लिखकर विरोध जताया गया। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर प्रदर्शन की तस्वीरें साझा करते हुए तीखी टिप्पणी की कि जिसे ‘थिंक टैंक’ समझा गया, वह ‘सेप्टिक टैंक’ निकला।
संदीप पाठक को AAP का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता रहा है। राष्ट्रीय संगठन महासचिव के रूप में उन्होंने कई राज्यों में पार्टी के विस्तार और चुनावी रणनीतियों में अहम भूमिका निभाई। खासकर 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP की प्रचंड जीत के पीछे उनकी रणनीति को बड़ा कारण माना गया। इसी सफलता के बाद उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया गया और पार्टी के शीर्ष निर्णय लेने वाले निकाय में भी शामिल किया गया।
छत्तीसगढ़ से गहरा संबंध रखने वाले संदीप पाठक का जन्म मुंगेली जिले के बटहा गांव में हुआ था। उन्होंने शुरुआती शिक्षा लोरमी क्षेत्र में हासिल की, फिर उच्च शिक्षा के बाद यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज से पीएचडी की। बाद में IIT दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर भी रहे। करीब एक साल पहले उन्हें AAP ने छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया था, इसलिए उनके पार्टी छोड़ने को राज्य में संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब भाजपा में उनका जाना प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों का संकेत माना जा रहा है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |