Since: 23-09-2009
राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर आखिरकार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि यह एक सुनियोजित और “स्क्रिप्टेड अभियान” है। चड्ढा ने कहा, “घायल हूं, इसलिए घातक हूं… समय आने पर हर बात का हिसाब होगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार एक जैसे आरोप लगाए जाने के कारण उन्हें जवाब देना जरूरी लग गया।
राघव चड्ढा ने विपक्ष का साथ नहीं देने के आरोप को गलत बताया और कहा कि संसद की फुटेज इस बात को साबित करेगी कि उन्होंने हर मुद्दे पर विपक्ष का साथ दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रस्ताव पर साइन न करने के आरोप पर उन्होंने कहा कि उन्हें कभी साइन करने के लिए नहीं कहा गया और अन्य नेताओं ने भी हस्ताक्षर नहीं किए, फिर केवल उन्हें ही निशाना क्यों बनाया गया। डरने और मुद्दों से भटकने के आरोप पर उन्होंने कहा कि वे संसद में जनता के मुद्दों को उठाने गए हैं, न कि शोर मचाने।
AAP के वरिष्ठ नेताओं संजय सिंह,सौरभ भारद्वाज और अतिशी मार्लेना ने राघव चड्ढा पर भाजपा के प्रति नरम रुख अपनाने और विपक्ष के साथ मजबूती से खड़े न होने के आरोप लगाए थे। राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद यह विवाद और तेज हो गया। राघव चड्ढा ने संकेत दिया है कि समय आने पर वे पूरी सच्चाई सामने रखेंगे, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |