लोकसभा में राहुल गांधी का गुस्सा फूटा
लोकसभा में बजट सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी नाराज़ दिखे जब सत्ता पक्ष के नेता बार-बार उनका नाम लेने लगे। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि नेता प्रतिपक्ष को सदन में बोलने से रोका जा रहा है, जबकि बार-बार उनके बारे में चर्चा की जा रही है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई बार उनके बारे में बेबुनियाद बातें की गई हैं और यह सदन भारत की जनता की अभिव्यक्ति है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि सदन किसी एक पार्टी का नहीं बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन हर बार जब वे बोलने के लिए खड़े होते हैं, तो उन्हें रोक दिया जाता है। उन्होंने बताया कि पिछली बार उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा किए गए समझौतों पर सवाल उठाया था। इस पर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि देश ने किसी भी समझौते को स्वीकार नहीं किया है।