Since: 23-09-2009
मध्य प्रदेश में इन दिनों बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, इसी बीच इंदौर में सोशल मीडिया पर 12वीं के पेपर लीक करने का दावा सामने आया है। कुछ असामाजिक तत्व एक दिन पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर 3 हजार रुपये मांग रहे हैं। बातचीत के दौरान भरोसा दिलाने के लिए पेपर का कवर पेज भी भेजा जा रहा है। यदि दावा सही है तो यह गंभीर अपराध है, और यदि फर्जी है तो छात्रों को ठगी का खतरा है। दोनों ही स्थिति में पुलिस और शिक्षा विभाग की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है।
जागरूक पालकों ने बताया कि उनकी बच्ची सोशल मीडिया के चार ग्रुप से जुड़ी थी, जहां हर परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा था। संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने 12वीं केमिस्ट्री परीक्षा का पेपर 3 हजार रुपये में देने की बात कही। कई ग्रुपों पर इसी तरह की गतिविधियां चल रही हैं। पालकों का कहना है कि अगर पेपर लीक की बात सही है तो मेहनती छात्रों के साथ अन्याय है, और यदि यह ठगी है तो बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है।
मामले की पड़ताल के दौरान संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से संपर्क करने पर आरोपी ने 3 हजार रुपये में पेपर देने की बात दोहराई। भरोसा दिलाने के लिए उसने प्रश्नपत्र का पहला पेज कुछ जानकारी छिपाकर भेज दिया। इस घटनाक्रम ने परीक्षा की गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पालकों ने मांग की है कि पुलिस और शिक्षा विभाग तत्काल जांच कर ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |