रायगढ़ में देह व्यापार का भंडाफोड़: केलो विहार के किराये के मकान पर छापा, दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ के केलो विहार कॉलोनी में चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने किराये के एक मकान पर छापेमारी कर देह व्यापार का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान मकान से देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केलो विहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करा रहा है। सूचना के बाद एसएसपी के निर्देश पर संयुक्त टीम बनाई गई और एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया। संकेत मिलते ही पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर छापा मारा, जहां डिंपी इजारदार और नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरा रोड को पकड़ा गया।
पूछताछ में सामने आया कि डिंपी इजारदार किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर अनैतिक देह व्यापार कराता था और स्वयं इसका संचालन करता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।