बीएमसी चुनाव में मनसे की करारी हार, राज ठाकरे ने कार्यकर्ताओं को दिया सख्त संदेश
मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने पार्टी पदाधिकारियों को कड़ा संदेश दिया है। मुंबई के एमआईजी क्लब में हुई समीक्षा बैठक में मनसे नेताओं ने हार के लिए उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) पर सहयोग न करने और निर्दलीय उम्मीदवार उतारने जैसे आरोप लगाए। नेताओं का कहना था कि गठबंधन में मनसे को पर्याप्त और प्रभावी सीटें नहीं मिलीं, जिससे पार्टी के वोट बैंक को नुकसान हुआ।
इन शिकायतों पर राज ठाकरे ने दो टूक जवाब दिया। उन्होंने साफ कहा कि अब किसी तरह की शिकायत नहीं सुनी जाएगी। जो हुआ, उसे भूलकर कार्यकर्ताओं को दोगुने जोश के साथ जनता के बीच काम करने की जरूरत है। उनके इस सख्त रुख से साफ है कि वे हार के बाद भी संगठन को मजबूत करने और आगे की राजनीति पर फोकस करना चाहते हैं।
इस बीच मनसे के बीजेपी को समर्थन देने की अटकलों पर भी राज ठाकरे ने विराम लगा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुंबई में मनसे भाजपा को समर्थन नहीं देगी। बीएमसी चुनाव में भाजपा-शिंदे शिवसेना गठबंधन ने 118 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि मनसे 53 सीटों पर लड़कर सिर्फ 6 सीटें ही जीत पाई। करीब 10% स्ट्राइक रेट के साथ यह प्रदर्शन पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।