Since: 23-09-2009
बैतूल। जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरनिया में बकरियां चराने गई दो मासूम बालिकाओं की मोरंड नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना गुरुवार देर शाम की है। पुलिस ने शुक्रवार को चिचोली के सरकारी अस्पताल में दोनों बालिकाओं के शवों का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम हरनिया में निवासी पांच वर्षीय आरुति पुत्री प्रकाश वट्टी और सात वर्षीय आयुषी पुत्री चैतराम वट्टी अन्य बच्चों के साथ गुरुवार को बकरियां चराने के लिए पास ही के जंगल में गई थीं। देर शाम पांच वर्षीय आरुति पैर फिसलने के कारण नदी में जा गिरी। उसे बचाने के लिए आयुषी भी नदी में उतर गई और दोनों गहरे पानी में डूबने लगीं। उनके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने दौड़कर गांव में लोगों को सूचना दी।
ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की नदी में डूबने से मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने दोनों के शव निकालकर चिचोली अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। दोनों बालिकाएं चाचा और भतीजे की बेटियां थीं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |