Since: 23-09-2009
सागर। जिले के छानबीला थाना क्षेत्र अंतर्गत निवार घाटी में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां इंदौर से छतरपुर जा रही स्लीपर कोट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला समेत चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य यात्री भी घायल हुए हैं।
गोल्डन ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी-16, पी-1286 शुक्रवार की रात इंदौर से यात्रियों को लेकर छतरपुर के लिए रवाना हुई थी । शनिवार सुबह करीब 6.00 बजे सागर जिले के छानबीला थाना क्षेत्रान्तर्गत निवार घाटी में तेज रफ्तार बस मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस की मदद से शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में कम से कम 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे। पुलिस ने हाइड्रा व जेसीबी की मदद से बस को सीधा करवाया। उसके बाद अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला जा सका। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दलपतपुर से एक, शाहगढ़ से तीन और बंडा से एक एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। यात्रियों का शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।
बंडा एसडीओपी शिखा सोनी ने बताया कि बस दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत हुई है। मृतकों में एक महिला, दो युवक और एक अधेड़ यात्री है। पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती जांच में पता चला है कि चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। मृतकों में एक महिला की शिनाख्त राजनगर (छतरपुर) की अनामिका (35) पत्नी अभिषेक सोनी के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |